किशोरियों की तरह कूदते-फाँदते


क्या होगा कोई मनुष्य?
क्या होगा
कोई मनुष्य ऐसा
जिसने न उठाया हो
लुत्फ
बादलों की लुकमींचणी का

क्या होगा
मनुष्य ऐसा
जिसने न देखा हो
उल्काओं को
किशोरियों की तरह कूदते-फाँदते

क्या होगा
कोई मनुष्य ऐसा

जिस के पाँव

न जले हों जेठ की धूप में


क्या होगा
कोई मनुष्य ऐसा

जो न नहाया हो
भादों की बरसात में


क्या होगा
कोई मनुष्य ऐसा
जिस की हड्डियाँ

न ठिठुरी हों पूष मास में


अगर होगा
कोई मनुष्य ऐसा

तो अवश्य ही रहता होगा
वह किसी
साठ सत्तर मन्जिले
कठघरे में

किसी महानगर
कहलाते
चिडिय़ा घर में।
0 comments:

Post a Comment

Followers


Recent Posts

Recent Comment